पुन्हाना, कृष्ण आर्य पुनहाना नगर पालिका में ठेकेदारी पर कार्यरत 42 सफाई कर्मियों को बीते 3 माह से वेतन नहीं मिला है जिसके कारण सफाई कर्मियों कम से हड़ताल करने की घोषणा कर दी। सफाई कर्मचारियों
का कहना है कि वेतन के अभाव में वे अपने घरों का गुजारा नहीं कर पा रहे हैं। सफाई कर्मी रोहित, राकेश, आदि ने बताया कि वे पुनहाना नगर पालिका में ठेकेदारी पर एक एजेंसी के मार्फत सफाईकर्मी का कार्य कर रहे हैं। जिसमें उन्हें लगभग 12 हजार रूपए प्रतिमाह वेतन दिया जाता है। परंतु बीते लगभग तीन माह से उन्हें एजेंसी द्वारा वेतन नहीं दिया जा रहा है। उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। वेतन ना मिलने के कारण न तो वे अपने बच्चों की फीस भर पा रहे हैं और न ही घर का राशन ला पा रहे हैं। ऐसे में उधार मांग कर घर का काम चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि एजेंसी के मार्फत नगर पालिका पुनहाना में 42 कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। सफाई कर्मियों ने एजेंसी मालिक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कई बार एजेंसी मालिक से वेतन देने की मांग कर चुके हैं। परन्तु एजेंसी मालिक उनसे दुर्व्यवहार करता है। फिलहाल कर्मचारियों ने हड़ताल की घोषणा कर नगर पालिका सचिव व प्रधान को अवगत करा दिया है। वही नगरपालिका प्रधान बलराज सिंहला ने बताया कि एजेंसी को तुरंत वेतन भुगतान करने के आदेश दे दिए गए हैं। वही नगरपालिका सचिव साहिल धनखड़ ने बताया कि ठेकेदार से वेतन भुगतान करने को कहा गया है, अगर वेतन नहीं दिया गया तो ठेकेदार की पेमेंट रोक दी जाएगी, व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Comments