सेंट विवेकानंद मिलेनियम स्कूल में सामाजिक दूरी के साथ पूर्ण किया गणपति पूजन व विसर्जन।

Khoji NCR
2021-09-18 08:54:29

खोजी/नीलम कौर कालका/पिंजौर। प्रत्येक वर्ष की भांति विद्यालय परिसर में गणपति प्रतिमा (पर्यावरण हितैषी) की स्थापना पूर्ण विधि-विधान से की गईं। सर्वप्रथम श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर दिना

ंक 10 सितंबर दिन शुक्रवार को गणपति की प्रतिमा को विधिपूर्वक विद्यालय-प्रवेश द्वार से परिसर के भीतर लाया गया। तत्पश्चात प्रतिमा को निश्चित स्थान पर मंत्रोच्चारण की ध्वनि संग स्थापित किया। दिनांक 17 सितंबर दिन शुक्रवार को परिसर में गणपति विसर्जन से पूर्व प्रतिमा को पहले पंचामृत से स्नान कराया गया तथा सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक आरती में सम्मिलित होकर भगवान गणेश से अगले वर्ष इसी प्रकार सुखपूर्वक आने की प्रार्थना की। सभी सदस्यों ने श्री गणपति जी की प्रतिमा को पूरे विद्यालय की परिक्रमा कराई। इस समय सभी सदस्य अपने अपने कक्षों में भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए आतुर हो रहे थे। गुलाल के रंगों से सराबोर सारा परिसर "गणपति बप्पा मोरैया, अगले बरस तू फिर से आ" से गूँज रहा था। इसी हर्षोल्लास के साथ गणपति जी का विसर्जन कौशल्या नदी में पारंपरिक तरीके से पूर्ण किया। भगवान गणेश जल तत्व के अधिपति हैं और यही कारण है कि अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणपति-प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है। आज सम्पूर्ण विश्व जिस प्रकार से कोविड - के विषम काल से ग्रसित है, ऐसे में हमारे ये त्योहार हमें मानसिक मनोबल देते हैं। प्राचार्य पीयूष पुंज ने भी सभी को गणेश उत्सव की बधाई दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रतिवर्ष श्री गणेश का आह्वान व स्थापन करता है। इस वर्ष यह कार्य विशेष रूप से सामाजिक कल्याण हेतु पूर्ण किया है। श्री गणेश विघ्न हर्ता के रूप में हमारे सभी विघ्नों का अंत करें, ताकि सम्पूर्ण विश्व एक शांतिमय सामान्य जीवन धुरी पर पुन: चल सके।

Comments


Upcoming News