ना'पाक हरकत : पाकिस्तान को भारी पड़ा सीजफायर उल्लंघन, जवाबी कार्रवाई में दो सैनिक ढेर; बढ़ सकती है संख्या

Khoji NCR
2020-12-10 10:06:51

जम्मू,। पाकिस्तानी सैनिकों को भारतीय जवानों को उकसाना महंगा पड़ गया। अपनी नापाक हरकतों से बाज न आते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने देर रात भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोल

बारी की। सतर्क भारतीय जवानों ने गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया। जिन पाकिस्तानी चौकियों से भारती सीमा में गोले दागे जा रहे थे भारतीय जवानों ने उन्हें निशाना बनाते हुए यहां से भी गोलाबारी की। नतीजतन पाकिस्तान की चार चौकियां तबाह हो गई जबकि दो जवान मारे गए। मरने वालों में एक लांस नायक व एक सिपाही शामिल है। यह संख्या बढ़ सकती है क्योंकि सैन्य सूत्रों का कहना है कि चौकी में मौजूद तीन से चार और जवान भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अपने दो जवानों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात 10 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे मनकोट सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने तुरंत अपनी पोजीशन लेते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। भारतीय जवान समझ गए कि पाकिस्तानी सैनिक एक बार फिर आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के इरादे से रात के अंधेरे में गोलाबारी का सहारा ले रहे हैं। ऐसे में भारत के सतर्क जवानों ने सीमा से सटे सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया ताकि गोलाबारी की आड़ में आतंकी इस ओर प्रवेश न कर जाएं। वहीं जवानों के दूसरे दल ने उस ओर गोलाबारी शुरू कर दी जहां से पाकिस्तानी सैनिक गोले दाग रहे थे। नतीजतन चार पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया गया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दो जवान जिनकी पहचान लांस नायक तारिक और सिपाही जफूर के तौर पर हुई है, कि मौत हो गई। सैन्य सूत्रों का कहना है कि तीन से चार पाकिस्तान जवान घायल भी हुए हैं। भारतीय जवानों की इस जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी थम गई। वहीं एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पाकिस्तानी इस क्षति के बाद एक बार फिर गोलाबारी का सहारा लेगा। सभी जवानों को सतर्क रहने की हिदायत दे दी गई है। यही नहीं सीमा से सटे रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी गोलाबारी शुरू होने पर बंकर में जाने की हिदायत दे दी गई है।

Comments


Upcoming News