जल शक्ति अभियान को लेकर डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक

Khoji NCR
2021-04-21 10:02:10

नारनौल 21 अप्रैल। जल शक्ति अभियान को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 22 अप्रैल को राज्य के सभी उपायुक्त के साथ होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पहले आज इसकी तैयारियों को लेकर उपायुक्त

अजय कुमार ने लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने 22 मार्च को जल शक्ति अभियान लांच किया था। सरकार के निर्देशानुसार जिला में जल संरक्षण व प्रबंधन बेहतरीन ढंग से काम किया जाएगा। जिला में वैज्ञानिक तरीके से उपलब्ध पानी को संरक्षित करने का काम किया जाए। जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को जो भी लक्ष्य मिले उसे तय समय में पूरा करें। जिला में इस कार्य के लिए सिंचाई विभाग नोडल कार्यालय होगा। उपायुक्त ने बताया कि यह अभियान नवंबर तक चलेगा। अभियान में मानसून के दौरान तथा मानसून के बाद लोगों की भागीदारी करते हुए निचले स्तर तक जल प्रबंधन व जल संरक्षण पर कार्य होगा। इस संबंध में समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें सप्लाई साइड तथा डिमांड साइड के मुताबिक कार्य करना है। सप्लाई साइड में जोहड़ों की छंटाई नए बांध का निर्माण जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना बारिश के पानी को संरक्षित करना शामिल है। डिमांड साइड की दृष्टि से पानी बचाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से निकले हुए पानी को भी कुछ कार्यों के लिए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान सिंचाई विभाग के भवन में जल शक्ति केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस कार्य के कोआर्डिनेशन का कार्य जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी देखेंगे। अभियान के दौरान एक डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा जिस पर इस अभियान से संबंधित सारी सूचनाएं रहेंगी। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुछ विभागों की मुख्य भूमिका रहेगी। इनमें जन स्वास्थ्य विभाग शहरी स्थानीय निकाय नगर योजनाकार पीडब्ल्यूडी बी एंड आर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग विकास एवं पंचायत वन विभाग बिजली शिक्षा उद्योग महिला एवं बाल विकास सिंचाई खेल तथा तालाब प्राधिकरण हरियाणा की मुख्य भूमिका रहेगी। इन सभी विभागों के अधिकारी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि जिला में जल स्तर को ऊपर लाया जा सके। उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि यह अभियान केवल सरकारी तौर पर ही नहीं चलेगा। इसमें आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसमें सभी विभिन्न संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा ताकि निचले स्तर तक धरातल पर काम हो। इस अभियान के साथ युवा केंद्र एनजीओ रेडक्रॉस सहित तमाम सामाजिक संस्थाओं को जोड़ा जाएगा।

Comments


Upcoming News