लम्पी बीमारी से जिला में 300 गोवंश बीमार

Khoji NCR
2022-08-23 12:20:08

नांगलजाट गांव में 7 गायों की हुई मौत हथीन / माथुर : लम्पी स्किन रोग गोवंश में निरन्तर बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह बनी हुई है कि पशु पालन विभाग के प्रयासों के बावजूद निरन्तर रोग से प्रभावित पशुओं की

संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पशु पालकों का कहना है कि हजारों गोवंश में यह रोग बना हुआ है। वहीं पशु पालन विभाग तीन सौ गायों में यह रोग पाए जाने की पुष्टि कर रहा है।स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार ने पलवल जिला में पशु मेलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। गोवंश को एक दूसरे स्थान पर ले जाने पर भी रोक लगा दी है। हथीन उप मण्डल के गांव नांगल जाट निवासी महाशय राजाराम ने बताया कि उनके गांव में भारी संख्या में गाय इस रोग से प्रभावित हैं। सात गायों की मौत भी हो चुकी है। गांव के निवासी बिश्मम्बर, गोविंदा,बंटू,किन्ना, चन्द्र सिंह,धर्मपाल एवं भगत के गायों की मौत इस रोग से हो चुकी है। इस बारे में पशु पालन विभाग के एसडीओ ने बताया कि इस गांव में मात्र दो गायों की मौत इस रोग से हुई है।गांव पहाड़ी निवासी लवकुश एवं नरेंद्र रावत ने बताया कि उनके गांव में भी भारी मात्रा में गायों को यह रोग बना हुआ है। पहाडी गांव निवासी मोहन, उम्मेद, जबरी,भरतसिंह , संसार,अनिल,मनोज एवं गोविंद सिंह आदि की गाय रोग से प्रभावित हैं। जिला के अन्य गांवों बहीन,गहलब, मानपुर, औरंगाबाद आदि गांवों में भी यह रोग गायों में फैला हुआ है। पशु पालन विभाग के एसडीओ लालचंद ने बताया कि जिला पलवल में अब तक तीन सौ गायों में यह रोग पाया गया है। दो की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिला पलवल में अब तक पांच हजार गायों को वेक्सीन लगाई जा चुकी हैं।शेष प्रभावित गायों को भी वेक्सीन लगाई जा चुकी हैं। उन्होंने दावा किया है स्थिति नियंत्रण में है।

Comments


Upcoming News