यूक्रेन से भारतीय छात्रों की वापसी का सिलसिला जारी, आपरेशन गंगा के तहत 400 छात्र स्लोवाकिया से स्वदेश के लिए रवाना

Khoji NCR
2022-03-04 12:36:05

कोसिसे, यूक्रेन में युद्ध के बीच फंसे भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए सरकार का आपरेशन गंगा लगातार जारी है। स्लोवाकिया में भारतीय राजदूत ने शुक्रवार को बताया कि यहां से करीब 400 भारतीय छात्र

स्वदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। साथ ही शेष बचे लोगों के लिए उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में राजदूत वनलालहुमा ने बताया कि करीब 400 छात्र दो उड़ानों के जरिए स्लोवाकिया से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। साथ ही शेष बचे लोगों के लिए आज दो और उड़ानों का संचालन किया जाएगा। वहीं शनिवार को भी एक उड़ान भारत के लिए रवाना होगी। अधिक जानकारी देते हुए वनलालहुमा ने बताया कि स्पाइसजेट की एक उड़ान आज सुबह 188 छात्रों के साथ भारत के लिए रवाना हुई। वहीं भारतीय वायु सेना का एक विमान दोपहर में करीब 210 छात्रों के साथ रवाना हुआ। आपरेशन गंगा को लेकर आ रही चुनौतियों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि स्लोवाकिया की ओर रसद, छात्रों के लिए आवास, परिवहन मुख्य बाधाएं हैं। उन्होंने बताया कि तमाम मुश्किलों के बावजूद हम इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम रहे हैं। यूक्रेन से छात्रों की निकासी पर उनकी स्थिति के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि,यह अनुभव उनके लिए आरामदायक तो नहीं है, लेकिन स्थिति को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि हम काफी अच्छा कर रहे हैं। वनलालहुमा ने कहा अगले दो-तीन दिनों में, करीब-करीब सभी भारतीय छात्र स्लोवाकिया से बाहर निकल जाएंगे। अभी भी बड़ी तादाद में छात्र आ रहे हैं, हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि सभी सुरक्षित रूप से भारत वापस पहुंच जाए। इस बीच बताया जा रहा है कि भारतीय वायु सेना के तीन और C-17 विमान आपरेशन गंगा के तहत रोमानिया और हंगरी के हवाई क्षेत्रों का इस्तेमाल करते हुए, यूक्रेन से 630 भारतीयों को लेकर कल देर रात और आज तड़के हिंडन एयरबेस पर वापस लौट आए।

Comments


Upcoming News