अलविदा 2020: लॉकडाउन में दूरदर्शन की पहल ने तोड़े टीआरपी के सारे रिकॉर्ड, रामायण-महाभारत ने दिलाये ख़ूब दर्शक

Khoji NCR
2020-12-17 10:53:48

नई दिल्ली, । कोरोना वायरस महामारी के कारण हुए लॉकडाउन के दौरान इस बार दर्शकों को कई ऐसे धारावाहिक दोबारा देखने को मिले, जिन्होंने लोकप्रियता की नई ऊंचाइयों को छुआ था। लॉकडाउन के दौरान घरों मे

बंद लोगों के मनोरंजन के लिए दूरदर्शन पर रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों का पुन: प्रसारण किया गया, जो एक पीढ़ी को यादों के सफ़र पर ले गये। दोबारा प्रसारण में भी इन सीरियल्स ने लोकप्रियता के रिकॉर्ड बनाये और कई हफ़्तों तक दूरदर्शन नम्बर वन चैनल बना रहा। रामायण अस्सी के दशक के आइकॉनिक शो रामायण के रिपीट टेलीकास्ट ने ज़बरदस्त सफलता हासिल की। दूरदर्शन के डीडी नेशनल चैनल पर रामायण का प्रसारण 28 मार्च से शुरू हुआ था और ख़ूब लोकप्रियता बटोरी। आलम यह रहा कि 16 अप्रैल को प्रसारित हुए एपिसोड को 7 करोड़ से अधिक दर्शक मिले थे। इस एपिसोड में लक्ष्मण और मेघनाद के बीच युद्ध दिखाया गया था। रामानंद सागर निर्देशित-निर्मित धारावाहिक में अरुण गोविल, सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया ने मुख्य क्रमश: राम, लक्ष्मण और सीता की भूमिकाएं निभायीं। रामायण के प्रसारण के दौरान इन कलाकारों को भी ख़ूब शोहरत मिली और सोशल मीडिया में इनकी फैन फॉलोइंग में ज़बरदस्त इजाफ़ा हुआ। महाभारत रामायण की सफलता को देखते हुए अस्सी के दशक के बेहद लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत का दूरदर्शन के डीडी भारती चैनल पर दोबारा प्रसारण किया गया। बीआर चोपड़ा के इस धारावाहिक के प्रसारण ने भी दर्शकों के बीच ख़ूब सफलता पायी। शक्तिमान कोरोना वायरस के कारण देश में लगे लॉकडाउन के चलते 90 के दशक के मशहूर शो शक्तिमान को एक बार फिर से शुरू किया गया। बच्चों के बीच लोकप्रिय इस शो का निर्माण मुकेश खन्ना ने किया था और मुख्य किरदार भी उन्होंने ही निभाया। चाणक्य चाणक्य धारावाहिक को एक बार फिर लॉकडाउन के दौरान शुरू किया गया। आपको बता दें कि डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बना ये शो पहली बार 1991 से 1992 के बीच प्रसारित किया गया था। शो में खुद चंद्रप्रकाश ने चाणक्य का किरदार निभाया था। चाणक्य की नीति, अर्थशास्त्र और कूटनीति शिक्षाओं पर आधारित इस शो को उस वक़्त भी काफी पसंद किया गया था और दोबारा प्रसारण में भी इसे पसंद किया गया। बुनियाद लॉकडाउन के वक्त दूरदर्शन पर कई पुराने सामाजिक धारावाहिकों का भी री-टेलिकास्ट किया गया था। इनमें से बुनियाद भी एक है। बुनियाद फैमिली ड्रामा है, जो 1947 में हुए बंटवारे की कहानियों के इर्द-गिर्द बनाया गया। मनोहर श्याम जोशी लिखित शो में आलोक नाथ, अनीता कंवर, गोगा कपूर और सुधीर पांडे ने मुख्य किरदार निभाये। इस शो का निर्देशन रमेश सिप्पी और ज्योति स्वरूप ने किया। इनके अलावा दूरदर्शन के अन्य लोकप्रिय शो सर्कस, ब्योमकेश बख्शी, उपनिषद गंगा, चाणक्य, श्रीमान श्रीमती, जंगल बुक, देख भाई देख जैसे लोकप्रिय शोज़ का पुन: प्रसारण किया गया। डीडी रेट्रो लॉन्च पुराने शोज़ की सफलता को देखते हुए दूरदर्शन ने नया चैनल डीडी रेट्रो इस दौरान लॉन्च किया था। डीडी रेट्रो पर वही सारे शो दिखाए गये, जो दूरदर्शन पर प्रसारित किये जा रहे थे। निजी चैनलों पर लौटे पुराने शोज़ लॉकडाउन में धारावाहिकों के फ्रेश एपिसोड्स की शूटिंग बंद होने की वजह से निजी चैनलों ने दूरदर्शन की देखादेखी पुराने लोकप्रिय शोज़ का पुन: प्रसारण किया। इनमें बालिका वधू, नागिन, ऑफ़िस-ऑफ़िस, हम पांच, साराभाई वर्सेज़ साराभाई, खिचड़ी, सीआईडी, आहट, कुबूल है के अलावा रिएलिटी शोज़ डांस इंडिया डांस और सारेगामापा लिटिल चैम्प्स का दोबोरा प्रसारण किया गया था।

Comments


Upcoming News