4 सितंबर को दिल्ली रामलीला ग्राऊंड में आयोजित कांग्रेस की रैली में उमड़ेगा जनसैलाब : अशोक अरोड़ा

Khoji NCR
2022-08-31 11:47:23

बोले, बेराजगारी व भ्रष्टाचार ने आम लोगों का जीना किया दूभर भाजपा सरकार से हर वर्ग हुआ परेशान थानेसर के कार्यकर्ताओं की बैठक को पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने किया संबोधित कुरुक्षेत्र, 31 अगस्त(स

ुदेश गोयल) हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा ने कहा है कि 4 सितंबर को महंगाई और भ्रष्टाचार के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित हल्ला बोल रैली एक विशाल रैली होगी। इस रैली में देशभर से हुजूम उमड़ेगा। रैली को श्रीमती सोनिया गांधी तथा श्री राहुल गांधी समेत कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। वे बुधवार को पंजाबी धर्मशाला में रैली की तैयारियों को लेकर थानेसर हलके के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में दिल्ली की इस रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गईं। बैठक में एक प्रस्ताव पारित करके कांग्रेस हाईकमान का महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर यह रैली आयोजित करने पर धन्यवाद किया गया। पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है, भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं। भाजपा सरकार जनता का इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए प्रतिदिन इवेंट आयोजित कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए केवल इवेंट आयोजित करने वाली सरकार बताया। अरोड़ा ने कहा कि आज महंगाई अपनी चरम सीमा पर है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। बेरोजगारी इतनी अधिक हो गई है कि आज रोजगार की तलाश में देश की युवा शक्ति विदेशों की ओर भाग रही है। भ्रष्टाचार ने सभी हदें पार कर दी हैं। हरियाणा की चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा में तो भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं तोड़ दी हैं। सरेआम नौकरियां बिक रही हैं सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे कोई काम नहीं होता। हद तो उस समय हो गई है जब प्रदेश के एक विधायक के पुत्र से भी नौकरी लगवाने के नाम पर लगभग 49लाख रूपए ले लिए गए। दूसरी ओर मुख्यमंत्री प्रतिदिन दावा करते हैं कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा लेकिन हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं। जब सत्तारूढ़ दल को समर्थन दे रहा एक विधायक ही आरोप लगा रहा है कि उसके बेटे से नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपए ठगे गए तो आम जनता का क्या हाल होगा? पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि सरकार शिक्षा का निजीकरण कर रही है। सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है ताकि पूंजीपति अपने प्राइवेट स्कूलों में दाखिले देकर जनता को लूट सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने की बजाय संस्कृत के अध्यापकों के पदों को ही समाप्त किया जा रहा है। दूसरी भाषा पंजाबी के शिक्षकों के पदों को खत्म किया जा रहा है, यह प्रदेश के छात्रों के साथ सरासर अन्याय है। इस मौके पर इंप्रुवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन व पूर्व पार्षद जलेश शर्मा, श्रीप्रकाश मिश्रा, पूर्व पार्षद विवेक मेहता विक्की, अशोक शर्मा पहलवान, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा, कुलदीप खेड़ी रामनगर, सुभाष पलवल, पृथ्वी सिंह तुर्क, मा. केहर सिंह, सुभाष पाली, ओमप्रकाश हथीरा, चन्द्रभान वाल्मिकी, मनु जैन, पवन चौधरी, गौरव शर्मा गौरी, बलवंत सैनी राजकुमार पिडांरसी, अशोक भट्ठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजदू थे।

Comments


Upcoming News